-विशेष शतरंज प्रशिक्षण शिविर का समापन
-ग्रैंडमास्टर प्रवीण थिप्से ने खिलाड़ियों को सिखाईं आधुनिक रणनीतियां
मुजफ्फरपुर। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ द्वारा रामदयालु स्थित चंद्रविला में आयोजित विशेष शतरंज प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर में अंतरराष्ट्रीय ग्रैंडमास्टर प्रवीण थिप्से ने युवा खिलाड़ियों को शतरंज की आधुनिक तकनीकों और रणनीतियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रैंडमास्टर थिप्से ने प्रतिभागियों को खेल के ओपनिंग, मिडिल गेम और एंड गेम की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने खिलाड़ियों को विभिन्न परिस्थितियों में बेहतर चाल चलने, रणनीति बनाने और खेल में मानसिक संतुलन बनाए रखने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए।

समापन समारोह में ग्रैंडमास्टर प्रवीण थिप्से ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि शतरंज में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, धैर्य और अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को लगातार मेहनत करते रहने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. शलभ सिन्हा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज मानसिक विकास और निर्णय क्षमता को मजबूत करने वाला खेल है। इस अवसर पर ग्रैंडमास्टर थिप्से ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान किए।
समारोह में सेंट जेवियर्स स्कूल के प्रबंध निदेशक अमिताभ चंद्रा, जिला क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव उदय शंकर शर्मा, मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के सचिव हिमांशु कुमार, उपाध्यक्ष आभास कुमार, संयुक्त सचिव मनीष कुमार एवं सुनील कुमार, अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव नंद किशोर श्रीवास्तव, आलोक कुमार, राहुल कुमार, हिमांशु हर्ष तथा सीतामढ़ी जिला शतरंज संघ के सचिव विजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष विनय कुमार ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविरों से जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलता है।












