Advertisement

दानवीर राम बहादुर साह की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

-दानवीर राम बहादुर साह की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

जनकपुरधाम। दानवीर भामाशाह के रूप में विख्यात स्वर्गीय राम बहादुर साह की द्वितीय पुण्यतिथि गुरुवार को जनकपुरधाम स्थित राम बहादुर साह तेली सेवा सदन में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राम किशोर साह की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संविधान सभा सदस्य एवं संघीय राज्य मंत्री अरविंद साह ने कहा कि स्वर्गीय राम बहादुर साह ने समाज सेवा की ऐसी मिसाल कायम की, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि राम बहादुर साह ने करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य की पांच कट्ठा भूमि समाज के हित में दान कर दी। निसंतान होने के बावजूद उन्होंने अपनी संपत्ति किसी रिश्तेदार को न देकर समाज को समर्पित कर दी। उन्होंने धर्मशाला के लिए भूमि दान करने के साथ-साथ तीन मंजिला भवन सहित कई अन्य भवनों का भी निर्माण कराया। उन्होंने कहा कि जब तक यह धर्मशाला रहेगी, तब तक स्वर्गीय राम बहादुर साह का नाम अमर रहेगा।


उन्होंने कहा कि आज इस धर्मशाला का उपयोग समाज के लोग विवाह, धार्मिक अनुष्ठान, श्राद्ध सहित विभिन्न सामाजिक आयोजनों के लिए बेहद कम शुल्क पर करते हैं। साथ ही नेपाल और भारत से आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के ठहरने की भी बेहतर व्यवस्था यहां उपलब्ध है।
नेपाल तेली कल्याण समाज, धनुषा के अध्यक्ष ललित साह ने स्वर्गीय राम बहादुर साह को धार्मिक, सरल और समाजसेवी व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि वे सादा जीवन और उच्च विचार के समर्थक थे तथा हमेशा साधु-संतों की सेवा में समर्पित रहते थे।
राम बहादुर साह तेली सेवा सदन के सचिव श्याम साह ने धर्मशाला की प्रगति और समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। श्रद्धांजलि सभा में नेपाल तेली कल्याण समाज के केंद्रीय सदस्य जगदीश साह, नगर अध्यक्ष राम बाबू साह, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के वरिष्ठ नेता अंबू प्रसाद साह, नेपाली कांग्रेस के नेता संजीव कुमार साह “टीका”, समाज के उपाध्यक्ष ई. शंभू प्रसाद साह, नेकपा (माओवादी) के वरिष्ठ नेता राजेंद्र साह सहित समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा के बाद श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।