-एक करोड़ नए राशन कार्ड जल्द बनेंगे, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
पटना, 9 जुलाई 2026।दीपक तिवारी। बिहार में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए।
लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी की उपस्थिति में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की योजनाओं और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि विभाग की सभी योजनाओं के लाभार्थियों का सटीक और अद्यतन डेटाबेस तैयार किया जाए, ताकि पात्र लोगों को बिना किसी परेशानी के योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बिहार की ऑनलाइन सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की समीक्षा करते हुए राज्य में स्मार्ट वेयरहाउसिंग विकसित करने और खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी खाद्यान्न गोदामों में बिजली, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राशन वितरण व्यवस्था की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सम्मानपूर्वक और बिना किसी बाधा के खाद्यान्न उपलब्ध हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘गरीब कल्याण विद डिग्निटी’ के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर लागू करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने बिहार में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और राज्य के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।












