-मार्च 2027 से पटना में दौड़ेगी मेट्रो, दो रूटों पर शुरू होगा परिचालन; पुणे से लीज पर आएंगी ट्रेनें
पटना। राजधानी पटना के लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से प्रतीक्षित पटना मेट्रो परियोजना अब तेजी से अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। यदि निर्माण कार्य तय समय पर पूरा हुआ तो मार्च 2027 से शहर के दो प्रमुख रूटों पर मेट्रो का परिचालन शुरू हो जाएगा। पहले चरण में खेमनीचक से मीठापुर और दानापुर से आरपीएस मोड़ तक मेट्रो सेवाएं शुरू की जाएंगी, जिससे राजधानी में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने परिचालन की तैयारियों को गति देते हुए पुणे मेट्रो से तीन मेट्रो ट्रेन सेट लीज पर लेने का निर्णय लिया है। तीन वर्षों की लीज पर तीन-तीन कोच वाली तीन ट्रेनें पटना लाई जाएंगी। प्रत्येक ट्रेन सेट का किराया 21.15 करोड़ रुपये तय किया गया है। इस प्रकार तीनों ट्रेन सेट पर कुल 63.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अधिकारियों के अनुसार, ये ट्रेनें दिसंबर 2026 तक पटना पहुंच सकती हैं।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि खेमनीचक से मीठापुर और दानापुर से आरपीएस मोड़ तक एलिवेटेड ट्रैक पर स्लैब बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। यह हिस्सा कॉरिडोर-1 का भाग है, जिसकी कुल लंबाई 17.93 किलोमीटर है। इसमें 7.39 किलोमीटर एलिवेटेड और 10.54 किलोमीटर अंडरग्राउंड ट्रैक शामिल है।

एलिवेटेड सेक्शन में सोननीयचक, जगनपुरा, रामकृष्णा नगर, मीठापुर, आरपीएस मोड़, सगुना मोड़ और दानापुर स्टेशन शामिल हैं। वहीं मीठापुर से पटना जंक्शन, विद्युत भवन, विकास भवन, पटना जू, राजाबाजार और रूकनपुरा तक मेट्रो अंडरग्राउंड सुरंग से गुजरेगी। इससे शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में यातायात प्रभावित हुए बिना मेट्रो सेवा संचालित की जा सकेगी।
इधर, छह मेट्रो स्टेशनों के फिनिशिंग वर्क को पूरा करने के लिए पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने दूसरी बार टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। पहले टेंडर में केवल एक एजेंसी के शामिल होने के कारण उसे रद्द कर दिया गया था। अब जगनपुरा, रामकृष्णा नगर, मीठापुर, दानापुर, सगुना मोड़ और आरपीएस मोड़ स्टेशनों के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की दिशा में तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं।
पटना मेट्रो के शुरू होने के बाद राजधानी के सार्वजनिक परिवहन में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। इससे यात्रा का समय घटेगा, ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और शहर को आधुनिक एवं तेज रफ्तार परिवहन व्यवस्था का नया विकल्प मिलेगा।












