Advertisement

गायघाट सीओ शिवांगी पाठक को भावभीनी विदाई, राजस्व कर्मियों ने उपहार देकर किया सम्मानित

-गायघाट सीओ शिवांगी पाठक को भावभीनी विदाई, राजस्व कर्मियों ने उपहार देकर किया सम्मानित

दीपक कुमार/गायघाट।मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट अंचल में तैनात अंचल अधिकारी (सीओ) शिवांगी पाठक के तबादले के बाद मंगलवार को अंचल कार्यालय परिसर में भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राजस्व कर्मियों, अमीनों, लिपिकीय कर्मचारियों और प्रखंड कार्यालय के अन्य अधिकारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की।
इस अवसर पर राजस्व कर्मचारी रोहित कुमार समेत उपस्थित कर्मचारियों ने कहा कि शिवांगी पाठक ने अपने कार्यकाल के दौरान राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निष्पादन, पारदर्शी कार्यशैली और आम लोगों के प्रति सकारात्मक व्यवहार से अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यालय के कार्यों को सुचारु रूप से संचालित किया।


विदाई समारोह में कर्मचारियों ने उन्हें फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और स्मृति-चिह्न व उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने उनके नए पदस्थापन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने नए दायित्वों का भी उसी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगी, जैसा उन्होंने गायघाट में किया।
गौरतलब है कि बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा प्रशासनिक कार्यों में तेजी और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समय-समय पर अधिकारियों का तबादला किया जाता है। इसी क्रम में सीओ शिवांगी पाठक का भी स्थानांतरण किया गया है। समारोह के अंत में सभी कर्मचारियों ने उनके बेहतर भविष्य और सफल प्रशासनिक जीवन की कामना की।