Advertisement

उत्तर बिहार में 10 से 12 जुलाई के बीच बारिश और वज्रपात के आसार

-उत्तर बिहार में 10 से 12 जुलाई के बीच बारिश और वज्रपात के आसार

-किसानों के लिए कृषि मौसम विभाग की एडवाइजरी जारी

पूसा/समस्तीपुर। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (पूसा) के कृषि मौसम विभाग ने 8 से 12 जुलाई 2026 तक के लिए कृषि मौसम बुलेटिन जारी किया है। विभाग के अनुसार उत्तर बिहार के कई जिलों में 10 से 12 जुलाई के बीच मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है। विशेष रूप से मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण जिलों में 11 और 12 जुलाई को अच्छी बारिश होने के आसार हैं।


मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वानुमान अवधि में अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह में सापेक्षिक आर्द्रता 80 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 45 से 50 प्रतिशत रहने का अनुमान है। पूर्वी दिशा से 12 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश की कमी को देखते हुए धान की अगात किस्मों की बुआई मध्य जुलाई तक पूरी कर लें। जहां पर्याप्त वर्षा नहीं हुई है, वहां धान के विकल्प के रूप में तिल, अरहर, रागी, कौनी और खरीफ मक्का जैसी फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी गई है। साथ ही बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रयोग और खेतों में नमी संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
कृषि वैज्ञानिकों ने ईख की फसल में आवश्यकता अनुसार सिंचाई करने, नए फलदार एवं कृषि वानिकी पौधों का रोपण करने तथा दुग्धारू पशुओं का समय पर खुरपका-मुंहपका (FMD) और लंपी स्किन डिजीज (LSD) के खिलाफ टीकाकरण कराने की भी अपील की है।
इसके अलावा जिन क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हो रही है, वहां किसानों को खेतों की मजबूत मेड़बंदी कर वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण करने की सलाह दी गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों में किया जा सके।