Advertisement

पूसा में पेपर लीक के विरोध में आरवाईए का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

-पूसा में पेपर लीक के विरोध में आरवाईए का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

पूसा/समस्तीपुर, 6 जुलाई। लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) की प्रखंड कमेटी ने रविवार को पूसा में विरोध मार्च और सभा का आयोजन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक पर रोक लगाने तथा NTA को समाप्त करने की मांग उठाई।
आरवाईए के बैनर तले उमा पांडेय महाविद्यालय से मार्च निकाला गया, जो पोस्ट ऑफिस के समीप स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचा। इसके बाद वहां सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता गणेश यादव तथा संचालन आरवाईए प्रखंड सचिव डॉ. मुकेश कुमार ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए आरवाईए के जिला सचिव रौशन कुमार ने दावा किया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन और भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

उन्होंने कहा कि आरवाईए ने उन्हीं छात्रों के समर्थन में पूसा में यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया है। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही है, जिसके कारण छात्रों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
आइसा नेता रंजन कुमार ने भी प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्र-युवा अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए आंदोलन कर रहे हैं।
प्रदर्शन में आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार, डॉ. मुकेश कुमार, रंजन कुमार, गणेश यादव, प्रीति कुमारी, कीर्ति कुमारी, शशि यादव, संजीत कुमार, सुमित पाठक, मुन्ना यादव, आशीष यादव, सोनू कुमार, अंकित कुमार, मो. सद्दाम, अनीश कुमार, बिट्टू कुमार, दीपक कुमार, नीतीश कुमार, अभिषेक कुमार, विवेक कुमार, नयन कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।