Advertisement

मुजफ्फरपुर के टॉप-10 वांछित अपराधी धीरज कुमार गिरफ्तार, STF को मिली बड़ी सफलता

-मुजफ्फरपुर के टॉप-10 वांछित अपराधी धीरज कुमार गिरफ्तार, STF को मिली बड़ी सफलता

मुजफ्फरपुर। बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मुजफ्फरपुर जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल कुख्यात धीरज कुमार को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ लूट, डकैती तथा आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर STF की विशेष टीम ने बड़ा दाऊद चैनपुर इलाके में विशेष छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान धीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी पारू थाना क्षेत्र के जगरूनाथपुर नगवा गांव का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, धीरज कुमार वर्ष 2018 में करजा थाना क्षेत्र स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप लूटकांड का मुख्य आरोपी है।

इस मामले में पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर रणधीर कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद से ही वह लगातार फरार था और पुलिस को चकमा देता रहा।
पुलिस मुख्यालय के मुताबिक धीरज कुमार के खिलाफ मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और वैशाली जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित कुल सात गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर उसे मुजफ्फरपुर जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद STF और स्थानीय पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फरारी के दौरान वह किन-किन स्थानों पर छिपा रहा और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिलने वाले इनपुट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।