Advertisement

नगर निगम की 19 सेवाएं होंगी पूरी तरह डिजिटल

-नगर निगम की 19 सेवाएं होंगी पूरी तरह डिजिटल

-अब घर बैठे मिलेंगी नागरिक सुविधाएं

मुजफ्फरपुर। शहरवासियों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलने वाली है। राज्य सरकार ने नगर निकायों में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देते हुए नागरिक सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत नगर निगम की 19 प्रमुख सेवाएं एकीकृत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे लोग घर बैठे ही विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
नगर विकास एवं आवास विभाग ने इस संबंध में संकल्प जारी करते हुए सभी नगर निकायों को निर्देश दिया है कि अलग-अलग डिजिटल मॉड्यूल को एक साझा प्लेटफॉर्म पर लाया जाए। इसका उद्देश्य सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनाना है।


नई व्यवस्था के तहत प्रॉपर्टी टैक्स असेसमेंट एवं भुगतान, ट्रेड लाइसेंस, बिल्डिंग प्लान अप्रूवल, वाटर एवं सीवरेज कनेक्शन, पब्लिक ग्रीवांस रिड्रेसल, नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी), जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र सहित कुल 19 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। नगर निगम पहले से कुछ सेवाएं ऑनलाइन दे रहा है, जबकि शेष सेवाओं को भी चरणबद्ध तरीके से डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा।
विभाग के अनुसार यह पहल सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (ईज ऑफ लिविंग)’ कार्यक्रम का हिस्सा है। वहीं राष्ट्रीय शहरी डिजिटल मिशन के अंतर्गत सभी नगर निकायों के लिए एक साझा और आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं मिलेंगी, कार्यालयों की दौड़ कम होगी, सेवाओं का मानकीकरण होगा, कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी बनेगी। साथ ही सभी नगर निकायों के लिए एक किफायती और एकीकृत डिजिटल सिस्टम तैयार होगा, जिससे सेवाओं के दोहराव पर भी रोक लगेगी।