Advertisement

कांटी की विकास मित्र रंजू कुमारी का निधन, पांच मासूम बच्चों को छोड़ गईं, पूरे क्षेत्र में शोक

-कांटी की विकास मित्र रंजू कुमारी का निधन, पांच मासूम बच्चों को छोड़ गईं, पूरे क्षेत्र में शोक

मुजफ्फरपुर/कांटी। कांटी प्रखंड के पानापुर हवेली पंचायत में कार्यरत विकास मित्र रंजू कुमारी का शनिवार देर रात पटना में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार थीं। उनके असामयिक निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतका के पति एवं जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष बिनोद राम ने बताया कि रंजू कुमारी का पहले मुजफ्फरपुर में इलाज चल रहा था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
स्थानीय मुखिया प्रियंका कुमारी और सरपंच गीता देवी ने बताया कि रंजू कुमारी बेहद मिलनसार, हंसमुख और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाली महिला थीं। उनके निधन से पंचायत ने एक समर्पित कर्मी और समाजसेवी को खो दिया है।
पांच मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
रंजू कुमारी अपने पीछे एक पुत्र और चार पुत्रियों सहित पांच छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें एक बेटी दिव्यांग भी है। पटना से जब उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो परिवार का दर्दनाक दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।


पत्नी के निधन से टूट चुके पति बिनोद राम अपनी दिव्यांग बेटी को गले लगाकर विलाप करते रहे। उनके करुण क्रंदन और मासूम बच्चों की बेबसी ने वहां मौजूद ग्रामीणों को भी भावुक कर दिया।
शव के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही कांटी के बीडीओ डॉ. आनंद कुमार विभूति समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मृतका के आवास पहुंचे। सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
गांव के श्मशान घाट पर सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में रंजू कुमारी का अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर बीडीओ डॉ. आनंद कुमार विभूति, जदयू नेता चंदन ठाकुर, मुखिया प्रतिनिधि सुनील राम, कम्युनिस्ट नेता राजकुमार राम, पैक्स अध्यक्ष शैलेन्द्र चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
रंजू कुमारी के निधन से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा पंचायत क्षेत्र शोकाकुल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शोक संतप्त परिवार, विशेषकर पांचों बच्चों के भविष्य को देखते हुए हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।