Advertisement

समस्तीपुर के 24 अवतार धाम पहुंचे मुख्यमंत्री, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में की पूजा-अर्चना

-समस्तीपुर के 24 अवतार धाम पहुंचे मुख्यमंत्री, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में की पूजा-अर्चना

पटना/समस्तीपुर, 24 जून 2026। दीपक कुमार तिवारी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड स्थित चकोटी मठ के प्रसिद्ध 24 अवतार धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सह विष्णु महायज्ञ एवं संत महाकुंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्री महाविष्णु के 24 अवतारों एवं अन्य विग्रहों की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चकोटी मठ परिसर में स्थापित 24 अवतार धाम के शिलापट्ट का अनावरण कर इसका लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि चकोटी मठ का यह धार्मिक स्थल आने वाले समय में देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बनेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण और संवर्द्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा सामाजिक समरसता, संस्कार और राष्ट्र निर्माण को मजबूती प्रदान करते हैं।
चकोटी मठ पहुंचने पर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर राम सेवक दास शास्त्री जी महाराज ने मुख्यमंत्री का फूलों की विशाल माला और पाग पहनाकर स्वागत किया। वहीं शांभवी चौधरी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मठ के सेवादारों और श्रद्धालुओं ने मखाना माला, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विजय कुमार चौधरी, निशांत कुमार, दामोदर रावत, विधायकगण, प्रशासनिक अधिकारी, संत-महात्मा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।