-राजापाकर में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे व हथियारों पर रहेगा प्रतिबंध
राजापाकर (वैशाली), संजय श्रीवास्तव। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर राजापाकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से इस्लाम धर्म के सैकड़ों अनुयायी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बुद्धिजीवी शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने कहा कि मोहर्रम के दौरान निकलने वाले जुलूस में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही जुलूस में शामिल कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में नहीं रहेगा और न ही किसी प्रकार के हथियार लेकर चल सकेगा। उन्होंने सभी लाइसेंसधारियों से नए लाइसेंस के लिए शीघ्र थाना में आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया समय पर पूरी की जाएगी।

थाना अध्यक्ष ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी तथा किसी भी असामाजिक तत्व या संदिग्ध गतिविधि पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने सभी आयोजकों से पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
बैठक में बताया गया कि मोहर्रम जुलूस केवल प्रशासन द्वारा स्वीकृत एवं निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा। किसी भी प्रकार से रूट में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा जुलूस में पारंपरिक या आधुनिक हथियारों, लाठी-डंडों के प्रदर्शन पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
ताजिया की ऊंचाई को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए। बताया गया कि बिजली के तारों एवं अन्य संभावित हादसों से बचाव के लिए ताजिया निर्धारित मानकों के अनुरूप ही बनाया जाए। वहीं सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर पुलिस की साइबर टीम विशेष निगरानी रखेगी। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुखिया मंजे लाल राय, मुकेश पटेल, तापसी प्रसाद सिंह, हरिशंकर कुमार गुड्डू, राजीव रंजन, संतोष कुमार सिंह, प्रेम कुमार यादव, हीरो राय, सतेंद्र नारायण सिंह, सुनील कुमार सिंह, अर्जुन सिंह त्यागी, मोहम्मद जब्बार अंसारी, गुलाम साबिर, हुसैन शाह, मोहम्मद इस्लाम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।












