Advertisement

बीपीएससी शिक्षिका की नौकरी पर संकट के बादल

-बीपीएससी शिक्षिका की नौकरी पर संकट के बादल

-पति की शिकायत पर शुरू हुई जांच

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कार्यरत एक बीपीएससी शिक्षिका की नौकरी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। शिक्षिका के पति द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय में की गई शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षिका ने कथित रूप से गलत जानकारी देकर नौकरी हासिल की है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी प्रवीण कुमार विश्वकर्मा की शादी 2 दिसंबर 2022 को बिंदु विश्वकर्मा से हुई थी। शादी के बाद बिंदु ने बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-1) की तैयारी शुरू की। परिवार के सहयोग और मेहनत के बल पर जुलाई 2023 में उनका चयन बिहार सरकार की शिक्षक भर्ती परीक्षा में हो गया।
नियुक्ति के बाद नवंबर 2023 में उनकी पहली पोस्टिंग मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय, दहटोला पहसौल में हुई। आरोप है कि नौकरी मिलने के बाद पति-पत्नी के संबंधों में दूरियां बढ़ने लगीं और दोनों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।


शिकायतकर्ता पति का कहना है कि अप्रैल 2025 में वह अपनी पत्नी के साथ रहने के उद्देश्य से मुजफ्फरपुर आया था, लेकिन पत्नी ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और विभिन्न स्तरों पर शिकायत दर्ज कराई।
अब पति द्वारा शिक्षा विभाग में की गई शिकायत के आधार पर शिक्षिका के शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। हालांकि, विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
फिलहाल मामला जांच के अधीन है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि होना बाकी है। शिक्षा विभाग पूरे प्रकरण की बारीकी से पड़ताल कर रहा है।