-योग से होता है राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त : रविशंकर
-सपोर्ट फाउंडेशन के तीन दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ
-बड़ी संख्या में लोगों ने लिया भाग
मुजफ्फरपुर, 19 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर सपोर्ट फाउंडेशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर बिहार प्रांत के प्रांत प्रचारक रविशंकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री रविशंकर जी ने कहा कि सपोर्ट फाउंडेशन का यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्वपीठिका तैयार करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि योग का अर्थ जोड़ना है। योग स्वास्थ्य को शरीर से, शरीर को मन से, मन को बुद्धि से, बुद्धि को आत्मा से तथा आत्मा को अध्यात्म से जोड़ने का माध्यम है। योग व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र को जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त बनाता है।
शिविर में योगाचार्य श्री हिमांशु जी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत, बुद्धि एकाग्र तथा जीवन संतुलित बनता है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने की संपूर्ण जीवनशैली है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्वास्थ्यवर्धक मोरिंगा (सहजन) टी का सेवन भी कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि मोरिंगा टी एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन, खनिज एवं आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर होती है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, पाचन तंत्र को मजबूत बनाने तथा शरीर में ऊर्जा बनाए रखने में सहायक है। इस अवसर पर योग के साथ प्राकृतिक एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर भी विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी, मुजफ्फरपुर के सचिव उदय शंकर प्रसाद सिंह, भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रविन्द्र प्रसाद सिंह, प्रख्यात कवि एवं साहित्यकार संजय पंकज, प्रो. अरुण कुमार, प्रो. विकास नारायण उपाध्याय, प्रज्ञा प्रवाह के प्रांत संयोजक विजय शाही, अनिल सिन्हा, रविनंदन सिंह, अनिल कुमार, कुंदन कुमार, योगाचार्य नंदिनी कुमारी तथा प्रणव विनीत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सपोर्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष रंगीश ठाकुर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य योग, प्राकृतिक जीवनशैली और जन-जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण करना है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जनआंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक मनोज कुमार सिंह ने किया, जबकि सह-संयोजक आनंद भूषण एवं नरेंद्र चौधरी ने आयोजन की व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। अंत में अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।












