-दादर पुल पर फिर लगा मजबूत बैरियर, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
मुजफ्फरपुर। जर्जर हो चुके दादर पुल की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने के लिए बैरियर लगा दिया है। करीब दो सप्ताह पहले भी जिलाधिकारी के निर्देश पर पुल निर्माण निगम द्वारा बैरियर लगाया गया था, लेकिन एक दिन बाद ही रात के समय तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से वह क्षतिग्रस्त हो गया था।
बैरियर के टूट जाने के बाद विभाग को इसे दोबारा तैयार करने में लगभग दो सप्ताह का समय लगा। पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता आलोक कुमार ने बताया कि इस बार पहले की तुलना में अधिक मजबूत बैरियर लगाया गया है। इसकी मजबूती बढ़ाने के लिए दोनों ओर अतिरिक्त लोहे का सपोर्ट भी दिया गया है, ताकि किसी वाहन की टक्कर लगने पर भी यह आसानी से क्षतिग्रस्त न हो।

उन्होंने बताया कि पुल पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रवेश बिंदु पर स्पीड ब्रेकर भी बनाया गया है। साथ ही दादर पुल की मरम्मत का कार्य प्रारंभिक स्तर पर शुरू कर दिया गया है। विभाग का उद्देश्य पुल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी संभावित हादसे को रोकना है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें तथा भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित करें, ताकि पुल पर अनावश्यक दबाव न पड़े।












