Advertisement

नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले में गिरफ्तारी नहीं होने पर थाने का घेराव, ग्रामीणों का प्रदर्शन

-नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले में गिरफ्तारी नहीं होने पर थाने का घेराव, ग्रामीणों का प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर। मनियारी थाना क्षेत्र में करीब बीस दिन पूर्व ट्यूशन शिक्षक द्वारा एक नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। इसी को लेकर एक संगठन के बैनर तले ग्रामीणों ने बुधवार को मनियारी थाना का घेराव कर घंटों प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपी शिक्षक की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ग्रामीणों ने मामले में लापरवाही और पक्षपात का आरोप लगाते हुए संबंधित थानाध्यक्ष को निलंबित करने की भी मांग की।


प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर के बाहर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों का आरोप था कि घटना को बीस दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने में विफल रही है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।