-मुजफ्फरपुर की मरियम फातिमा ने अंतरराष्ट्रीय शतरंज में लहराया परचम
-कॉमनवेल्थ प्रतियोगिता में जीते तीन कांस्य पदक
मुजफ्फरपुर। बिहार की बेटी और मुजफ्फरपुर की फिडे मास्टर मरियम फातिमा ने अंतरराष्ट्रीय शतरंज मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और राज्य का नाम रोशन किया है। श्रीलंका के कालुतरा में आयोजित कॉमनवेल्थ महिला शतरंज प्रतियोगिता में मरियम ने क्लासिकल, रैपिड और ब्लिट्ज तीनों प्रारूपों में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
अंडर-20 वर्ग में मरियम फातिमा ने लगातार उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए तीनों श्रेणियों में तीसरा स्थान हासिल किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक ही प्रतियोगिता में तीन कांस्य पदक जीतना उनकी मेहनत, लगन और निरंतर प्रगति का प्रमाण माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से बिहार के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है।

अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मरियम पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। पिछले वर्ष बोधगया में आयोजित राष्ट्रीय महिला एमेच्योर शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीतकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की थी। इसके अलावा यूरोपियन चेस सर्किट में भी उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है।
वर्तमान में मरियम तमिलनाडु के शिवकाशी स्थित हटसन शतरंज अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। वहां वह प्रसिद्ध ग्रैंडमास्टर विष्णु प्रसन्ना के मार्गदर्शन में अपने खेल को और निखार रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर प्रशिक्षण और लगातार अंतरराष्ट्रीय अनुभव के बल पर मरियम भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
अखिल बिहार शतरंज संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना ने मरियम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। संघ ने घोषणा की है कि स्वदेश लौटने पर मरियम को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
मरियम फातिमा की यह उपलब्धि बिहार के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी है। सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर तीन पदक जीतकर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।












