Advertisement

विश्व पर्यावरण दिवस पर बंदरा में वृक्षारोपण, हरित भविष्य का लिया संकल्प

-विश्व पर्यावरण दिवस पर बंदरा में वृक्षारोपण, हरित भविष्य का लिया संकल्प

मुजफ्फरपुर/बंदरा, दीपक। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बंदरा प्रखंड में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आमना वसी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन और पर्यावरण के लिए अमूल्य संपदा हैं।

बीडीओ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का विषय है। यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ), प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और वृक्षों के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।