‘एक शाम मंगलधाम के नाम’ कार्यक्रम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
-संत प्रदीप भैया महाराज ने स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने का किया आह्वान
मुजफ्फरपुर।शहर के आमगोला स्थित जलसा विवाह भवन में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम “एक शाम मंगलधाम के नाम” में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक संदेशों का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान प्रसिद्ध संत प्रदीप भैया महाराज ने लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में संत प्रदीप भैया महाराज ने लोगों से ऑनलाइन खरीदारी का बहिष्कार करने और स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों की आजीविका सुरक्षित रखने के लिए समाज को स्थानीय बाजारों का समर्थन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में पहले बचत और दान की परंपरा मजबूत थी, जिसे पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि देवघर में निर्माणाधीन ‘श्रीमंगलधाम’ भी समाज के सहयोग और अंशदान से तैयार हो रहा है।
संत ने आधुनिक समाज में संस्कारों की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि परिवारों में बढ़ते अलगाव का बड़ा कारण पारिवारिक मूल्यों का कमजोर होना है। उन्होंने सुझाव दिया कि परिवार के सदस्य प्रतिदिन एक साथ भोजन करें, जिससे रिश्तों में मजबूती आएगी और पारिवारिक जुड़ाव बढ़ेगा। साथ ही उन्होंने पारिवारिक संबंधों में प्रेम, सम्मान और सामंजस्य बनाए रखने पर भी जोर दियाl

प्रदीप भैया महाराज ने कहा कि देवघर में बनने वाला श्रीमंगलधाम केवल धार्मिक स्थल नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए संस्कार, रामभक्ति और राष्ट्रभक्ति का केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर भी बल दिया तथा समाज से सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने की अपील की।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में वृंदावन से आए भजन गायकों ने भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और पूरा पंडाल तालियों की गूंज से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, मंत्री प्रमोद कुमार, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा, विधायक बाबूलाल शौर्य, बेबी देवी सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
















