Advertisement

TRE-4 शिक्षक अभ्यर्थियों के आंदोलन पर प्रशासन सख्त, कई अभ्यर्थी और नेता हिरासत में

-TRE-4 शिक्षक अभ्यर्थियों के आंदोलन पर प्रशासन सख्त, कई अभ्यर्थी और नेता हिरासत में

पटना।आनंद। शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के चौथे चरण (TRE-4) को लेकर आंदोलनरत शिक्षक अभ्यर्थियों के प्रस्तावित प्रदर्शन को रोकने के लिए पटना में प्रशासन ने बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की। पटना कॉलेज मुख्य द्वार से लोकनायक जयप्रकाश मूर्ति होते हुए होटल मौर्या तक शिक्षक अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तावित महाआंदोलन और प्रदर्शन मार्च को प्रशासन ने आगे बढ़ने नहीं दिया।

जानकारी के अनुसार, बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे शिक्षक अभ्यर्थियों, छात्र प्रतिनिधियों और आंदोलन से जुड़े नेताओं को एक स्थान पर एकत्र होने की अनुमति नहीं दी गई। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बताया गया कि पटना कॉलेज परिसर में परीक्षा आयोजित होने के कारण कॉलेज प्रांगण में प्रवेश की अनुमति भी नहीं थी।

शिक्षक अभ्यर्थियों का कहना था कि वे पटना कॉलेज मुख्य द्वार से सड़क मार्ग के जरिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन निकालना चाहते थे, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच उन्हें रोक दिया गया। आंदोलनकारियों का आरोप है कि पत्रकारों से बातचीत कर रहे कई अभ्यर्थियों को भी हिरासत में लेकर नजरबंद किया गया।

हिरासत में लिए गए आंदोलन से जुड़े नेताओं ने कहा कि सरकार के दबाव से आंदोलन बंद नहीं होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक अभ्यर्थी किसी गैरकानूनी गतिविधि से जुड़े लोग नहीं हैं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और लंबित शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से शिक्षक नियुक्ति से जुड़ी मांगें लंबित हैं और सरकार केवल आश्वासन दे रही है। उनका कहना है कि यदि 30 मई तक शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए विज्ञापन जारी नहीं किया गया, तो पूरे बिहार में नए सिरे से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। साथ ही “जेल भरो अभियान” चलाने की भी चेतावनी दी गई है।