-पटना एयरपोर्ट के रनवे विस्तार में तेजी लाए केंद्र, राज्य सरकार देगी पूरा सहयोग : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
पटना, 19 मई 2026। बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने कहा है कि राज्य में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत में बिहार को क्षेत्रीय एविएशन हब के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में नागर विमानन मंत्रालय, भारत सरकार एवं बिहार सरकार के सिविल विमानन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में पटना हवाई अड्डे के रनवे विस्तार, क्षमता वृद्धि और राज्य में एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने नागर विमानन मंत्रालय से आग्रह किया कि पटना एयरपोर्ट के रनवे विस्तार को लेकर तेजी से काम किया जाए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार की एयर कनेक्टिविटी को दस गुना तक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है और सभी जिलों को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

बैठक में नागर विमानन मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने पटना हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर अपने सुझाव दिए। इसके अलावा दरभंगा हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने, अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना, पूर्णिया एयरपोर्ट के स्थायी सिविल एन्क्लेव निर्माण, मुजफ्फरपुर-वाल्मीकिनगर, सहरसा एवं बीरपुर एयरपोर्ट के विकास, फारबिसगंज एयरपोर्ट के उन्नयन तथा उड़ान योजना के विस्तार जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा मिलने से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या बढ़ेगी और बिहार को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में हवाई अड्डों के आधुनिकीकरण, सुरक्षा और तकनीकी मानकों के अनुरूप विकास की दिशा में तेजी से काम किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार, नागर विमानन मंत्रालय के संयुक्त सचिव असंगबा चुबा आओ, सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचन्द्र देवरे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












