-मुजफ्फरपुर में वंदे भारत समेत तीन ट्रेनों पर पथराव, यात्रियों में दहशत
मुजफ्फरपुर।मुजफ्फरपुर में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब सोनपुर मंडल अंतर्गत मुजफ्फरपुर जंक्शन और रामदयालु नगर स्टेशन के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सहित तीन ट्रेनों पर पथराव की घटना सामने आई। इस घटना में ट्रेनों के कोच के शीशे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 26501 पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15550 इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 14006 लिच्छवी एक्सप्रेस पर अज्ञात लोगों द्वारा पत्थरबाजी की गई। अचानक हुए पथराव से खिड़की के पास बैठे यात्री घबरा गए और अपनी सुरक्षा के लिए सीट छोड़कर इधर-उधर भागने लगे।

घटना के बाद यात्रियों ने तुरंत रेलवे प्रशासन और आरपीएफ को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सोनपुर मंडल की आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि रेलवे ट्रैक के किनारे खेल रहे बच्चों द्वारा पत्थर फेंके गए होंगे। हालांकि रेलवे पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर घटना को अंजाम तो नहीं दिया।
एक के बाद एक तीन ट्रेनों पर हुई पत्थरबाजी की घटना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इस घटना ने ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में मुजफ्फरपुर रेल एसपी बीना देवी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
रेलवे पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पथराव करने वालों की पहचान में जुटी हुई है।












