Advertisement

स्वराज शूटिंग एकेडमिक में जल्द बनेगा 25 और 50 मीटर आउटडोर शूटिंग रेंज

-स्वराज शूटिंग एकेडमिक में जल्द बनेगा 25 और 50 मीटर आउटडोर शूटिंग रेंज

-बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन की टीम ने किया निरीक्षण

मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी पखनाहा स्थित स्वराज शूटिंग एकेडमिक में जल्द ही 25 मीटर एवं 50 मीटर आउटडोर शूटिंग रेंज के विस्तारीकरण की दिशा में काम शुरू किया जाएगा। इसको लेकर बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन के सदस्य कौशल नागोरिया अपनी टीम के साथ एकेडमिक पहुंचे और पूरे शूटिंग रेंज कैंपस का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने सबसे पहले शूटिंग रेंज और कैंपस की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद प्रशिक्षक एवं कोच अमित घनशेला ने टीम को 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर पिस्टल रेंज, लेन, शूटिंग किट, शूज सहित अन्य तकनीकी सुविधाओं की जानकारी दी। कौशल नागोरिया और उनकी टीम ने राइफल एवं पिस्टल से 10 मीटर शूटिंग का ट्रायल भी किया और रेंज की व्यवस्थाओं की सराहना की।

इस अवसर पर स्वराज शूटिंग एकेडमिक एवं एजुकेशनल ट्रस्ट के उज्ज्वल कुमार ने बताया कि वर्तमान में यहां 10 मीटर का इनडोर शूटिंग रेंज संचालित हो रहा है, लेकिन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए 25 मीटर एवं 50 मीटर आउटडोर रेंज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बिहार प्रतिभा के मामले में किसी भी राज्य से पीछे नहीं है और यहां के युवा लगातार खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन की टीम ने रेंज के विस्तारीकरण को लेकर आवश्यक तकनीकी सुझाव और मार्गदर्शन भी दिया। साथ ही मुजफ्फरपुर में राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप आयोजित कराने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई, ताकि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान कौशल नागोरिया एवं उनकी टीम को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर स्वराज शूटिंग एकेडमिक एवं एजुकेशनल ट्रस्ट के रिशु आर्या, अंरिजय राज सिंह, राजन कुमार, निशांत राज, आदित्य वर्मा, अनिरुद्ध सिंह तथा अमित कुमार (कमांडेंट डॉक्टर, सीआरपीएफ) समेत कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।