Advertisement

6400 मीटर ऊंची गोरिचेन ग्लेशियर चोटी फतह कर बिहार के कैडेट ने बढ़ाया मान

-6400 मीटर ऊंची गोरिचेन ग्लेशियर चोटी फतह कर बिहार के कैडेट ने बढ़ाया मान

गया। बिहार के लिए गर्व का क्षण तब आया जब 6 बिहार बटालियन एनसीसी के होनहार कैडेट अभिषेक कुमार ने अरुणाचल प्रदेश की 6400 मीटर ऊंची दुर्गम गोरिचेन ग्लेशियर चोटी को सफलतापूर्वक फतह कर लिया। बर्फ से ढकी इस कठिन चोटी को पर्वतारोहण की दुनिया में बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है, लेकिन अभिषेक ने अपने साहस, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर इस उपलब्धि को हासिल कर लिया।

यह सफलता केवल अभिषेक की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे बिहार, एनसीसी परिवार और गया जिले के लिए सम्मान और गौरव का विषय बन गई है। वर्तमान में अभिषेक अरुणाचल प्रदेश में आयोजित एडवांस माउंटेनियरिंग कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जहां उन्हें कठिन परिस्थितियों में जीवित रहने और उच्च स्तरीय पर्वतारोहण तकनीकों की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है।

बताया गया कि इससे पहले उन्होंने निमास (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स) से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स भी सफलतापूर्वक पूरा किया था। उनके अनुशासन, समर्पण और मेहनत को देखते हुए ही उन्हें एडवांस माउंटेनियरिंग कैंप के लिए चयनित किया गया था। साथ ही उन्होंने एनसीसी की बी सर्टिफिकेट परीक्षा भी उत्तीर्ण कर अपनी क्षमता का परिचय दिया है।

6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र) ने अभिषेक की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि ऐसे कैडेट अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना भी है।

इस अवसर पर सुबेदार मेजर विक्रम सिंह, गया कॉलेज के प्राचार्य सतीश सिंह चंद्र तथा लेफ्टिनेंट संजय तिवारी ने भी अभिषेक कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरक संदेश है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर कोई भी ऊंचाई हासिल की जा सकती है।