-मूक-बधिर स्कूल में बच्चे की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, जांच के लिए पहुंचे एसडीएम
मुजफ्फरपुर। सोशल मीडिया के दौर में अब किसी भी घटना को छिपाना आसान नहीं रह गया है। ऐसा ही एक मामला मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित बागेश्वरी मूक-बधिर विद्यालय से सामने आया है, जहां एक कर्मी द्वारा बच्चे की बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर विद्यालय का एक कर्मी एक बच्चे को जमीन पर पटक कर लगातार मारते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम पूर्वी तुषार कुमार तत्काल विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया तथा छात्रों और कर्मचारियों से पूछताछ की। जांच के दौरान कई अन्य अनियमितताओं की भी जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है।

एसडीएम ने बताया कि बच्चों से बातचीत के दौरान वायरल वीडियो की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि दोषी कर्मी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विद्यालय के संचालक और आरोपी कर्मी के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।












