Advertisement

राजापाकर अंचल कार्यालय में भूमि विवाद निवारण शिविर आयोजित, कई मामलों की हुई सुनवाई

-राजापाकर अंचल कार्यालय में भूमि विवाद निवारण शिविर आयोजित, कई मामलों की हुई सुनवाई

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें भूमि संबंधी विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। शिविर में अंचलाधिकारी निशा यादव, थाना अध्यक्ष गौरी शंकर बैठा, राजस्व कर्मचारी मुनाजिर हुसैन, कंप्यूटर ऑपरेटर मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित हुए।

शिविर में म्यूटेशन एवं परिमार्जन से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए अंचलाधिकारी निशा यादव ने कहा कि राजस्व कर्मचारी की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद म्यूटेशन के मामलों का ससमय निष्पादन किया जाएगा। वहीं खाता, खेसरा एवं रकवा में त्रुटि से जुड़े परिमार्जन मामलों में लोगों को साइबर कैफे के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि आवेदन लॉगिन पर आने के बाद सुधार कर रजिस्टर-2 में दर्ज कर दिया जाएगा।

शिविर में कई भूमि विवाद मामलों पर सुनवाई हुई। बैकुंठपुर निवासी मानती देवी पति कुशेश्वर मांझी बनाम सुरेंद्र मांझी मामले में दोनों पक्षों को अगले शिविर में अपने-अपने दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।

वहीं सुरतपुर विद्या निवासी भरत कुमार पिता रामेश्वर साह के मामले में बताया गया कि वादी द्वारा पहले जमीन की खरीदारी की गई थी, लेकिन बाद में उसी जमीन को विक्रेता ने दूसरे पक्ष के नाम भी लिख दिया। इस मामले में वादी उपस्थित थे जबकि प्रतिवादी अनुपस्थित रहे। दोनों पक्षों को अगले शिविर में आवश्यक कागजात के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।

जयनाथ राय बनाम अरविंद राय मामले में दखल-कब्जे को लेकर विवाद सामने आया, जिस पर अंचल अमीन से जमीन की मापी कराने का निर्देश दिया गया। वहीं बरियारपुर निवासी सुबोध भगत बनाम संजय सिंह मामले में जमीन पर खूंट-खंभा लगाने को लेकर विवाद था, जिसमें राजस्व कर्मचारी को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया।

मौके पर उपस्थित थाना अध्यक्ष गौरी शंकर बैठा ने सभी वादी-प्रतिवादियों को भूमि विवाद को लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि भूमि स्थल पर किसी प्रकार का विवाद या कानून हाथ में लेने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।