Advertisement

मलमास मेला उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के करीब पहुंचा पक्षी

-मलमास मेला उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के करीब पहुंचा पक्षी

-राजगीर में टला बड़ा हादसा

नालंदा। राजगीर में आज से शुरू हो रहे मलमास मेला के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के समय अचानक एक पक्षी बेहद करीब पहुंच गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और सतर्कता से हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई और बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर निर्धारित हेलीपैड पर उतर रहा था, तभी अचानक एक पक्षी उड़ते हुए हेलीकॉप्टर के काफी नजदीक आ गया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों और लोगों की सांसें थम गईं। पायलट ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए हेलीकॉप्टर को सुरक्षित तरीके से नीचे उतार लिया।

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं और पूरे मामले की समीक्षा शुरू कर दी गई। राहत की बात यह रही कि मुख्यमंत्री समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और कार्यक्रम तय समय पर जारी रहा।

विशेषज्ञों के अनुसार वीवीआईपी हेलीकॉप्टर संचालन के दौरान “बर्ड हिट” को बेहद गंभीर सुरक्षा जोखिम माना जाता है। ऐसे मामलों में हेलीकॉप्टर के इंजन और उड़ान सुरक्षा पर खतरा बढ़ जाता है, इसलिए हर घटना के बाद सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाती है।

इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई। भाजपा नेताओं ने इसे ईश्वर की कृपा बताते हुए कहा, “जाको राखे साइयां मार सके ना कोई।” वहीं प्रशासन की ओर से हेलीपैड और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।