Advertisement

स्कूल के क्लास रूम में शिक्षकों का चिकन भोज, वायरल हुआ पार्टी का वीडियो

-स्कूल के क्लास रूम में शिक्षकों का चिकन भोज, वायरल हुआ पार्टी का वीडियो

-शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर उठ रहे सवाल

मोतिहारी ।

जिले में एक बार फिर शिक्षा व्यवस्था में एक ओछी क्रियाकलाप के सामने आने पर सवाल खड़ा हो गया है।

मामला आदापुर प्रखंड के यूएमएस उचीडीह विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शिक्षक स्कूल परिसर के अंदर कथित रूप से ‘चिकन पार्टी’ करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ शिक्षक क्लासरूम के अंदर ही खाना बनाते और आपस में बातचीत करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान शराब को लेकर भी चर्चा हो रही थी, जिससे राज्य में लागू शराबबंदी कानून के उल्लंघन का मामला भी सामने आ रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

लोगों का कहना है कि जहां बच्चों को शिक्षा और नैतिक मूल्यों की सीख दी जाती है, वहां इस तरह की गतिविधियां बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इससे शिक्षा के स्तर और अनुशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, जब इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक से सवाल किया गया, तो उन्होंने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। अब यह देखना होगा कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर विभाग संबंधित शिक्षकों के खिलाफ क्या कदम उठाता है।