-नीट- 2026 की परीक्षा 3 को, 13 परीक्षा केंद्र पर होगी परीक्षा : डीएम
– जिलाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों के साथ की बैठक, सफलता पूर्वक परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
बिहार सरकार के गृह विभाग के विशेष सचिव से प्राप्त पत्र के आलोक में जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने आज अपने कार्यालय कक्ष में नीट परीक्षा की सफलता को लेकर लिए परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों संग बैठक कर दिशा निर्देश दिए।बताया कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी )-2026 का आयोजन आगामी 03 मई को होगा। पूर्वी चंपारण जिला में इस परीक्षा को संपन्न कराने के लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6203 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा 2:00 बजे अपराह्न से 5:00 बजे अपराह्न तक एक पाली में आयोजित होगी।
जिलाधिकारी ने इस महत्वपूर्ण परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने को लेकर केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी एवं जैमर की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करा लें। परीक्षा केंद्रों के सभी कक्ष में घड़ी की व्यवस्था रखेंगे और समय का मिलान कर लेंगे।

सभी परीक्षा केंद्र पर बिजली, पेयजल एवं साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। इसको लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी को भी निर्देश दिया। कहा कि स्वयं से परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर देख लेंगे और इसे सुनिश्चित कराएंगे।
जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन शहर में जाम की समस्या नहीं रहे, इसे यातायात पुलिस के साथ समन्वय बना कर सुनिश्चित कराएंगे।
बैठक में जिलाधिकारी के साथ सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा, जिला परिवहन पदाधिकारी निवेदिता कुमारी, वरीय उप समाहर्ता अमरेश कुमार सहित सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षक उपस्थित थे।











