Advertisement

-घर में कपड़ा प्रेस करते समय करंट लगने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

-घर में कपड़ा प्रेस करते समय करंट लगने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

राजापाकर, संवाददाता (संजय श्रीवास्तव):
राजापाकर दक्षिणी पंचायत के उत्तर टोला वार्ड संख्या-1 निवासी शिवचंद सिंह के 35 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है, जब वह अपने घर में कपड़ा प्रेस कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली का करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रूपेश कुमार बाहर रहकर एक प्राइवेट कंपनी में कार्य करता था। करीब दो वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी, लेकिन आपसी विवाद के चलते उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। बाद में दोनों पक्षों की सहमति से अलगाव हो गया, जिससे वह मानसिक तनाव में रहता था।
परिवारिक स्थिति की बात करें तो रूपेश तीन भाइयों में मंझला था। बड़े भाई मुकेश कुमार की पूर्व में ही जटिल बीमारी के कारण मौत हो चुकी है, जबकि छोटा भाई राजीव कुमार बाहर एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। पिता शिवचंद सिंह एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं।


घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूत्रों के अनुसार, मृतक के परिजनों ने इस घटना की सूचना थाना को नहीं दी। हालांकि ग्रामीणों की सूचना पर चौकीदार घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया। बाद में परिजन और ग्रामीण मिलकर शव को हाजीपुर के कौनहारा घाट ले गए, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।