Advertisement

‘नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री, महिलाओं के लिए दिन बताया क्रांतिकारी

‘नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री, महिलाओं के लिए दिन बताया क्रांतिकारी

पटना, 17 अप्रैल 2026 | दीपक कुमार तिवारी। सम्राट चौधरी ने नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत आयोजित ‘नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन’ कार्यक्रम में भाग लिया। जे०पी० गंगा पथ स्थित दीघा गोलंबर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शामिल महिलाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लेते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर श्रेयसी सिंह ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया। बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नारी शक्ति का सशक्त प्रतीक है और आज का दिन ऐतिहासिक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को अधिक सशक्त बनाने वाला विधेयक लोकसभा से पारित होता है, तो 17 अप्रैल देश की महिलाओं के लिए क्रांतिकारी दिन के रूप में याद किया जाएगा। प्रस्तावित प्रावधानों के अनुसार लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 816 की जाएगी, जिसमें एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे महिलाएं न सिर्फ संसद में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएंगी, बल्कि देश के विकास में निर्णायक भूमिका निभाएंगी। उन्होंने बताया कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में पंचायती राज और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है, जिससे वे सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं।
उन्होंने नरेन्द्र मोदी के इस निर्णय का भी स्वागत किया कि भविष्य में लोकसभा और विधानसभाओं में एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती रमा निषाद, श्रीमती संगीता कुमारी, पटना नगर निगम की महापौर श्रीमती सीता साहू, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।