-सुबह सुबह मोतिहारी सेंट्रल जेल में छापेमारी, एक्शन में दिखा जिला प्रशासन
– डीएम व एसपी की मौजूदगी में हुई सभी वार्डों में तलाशी
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
आज सुबह सुबह से ही मोतिहारी सेंट्रल जेल में छापेमारी हुई और डीएम सौरभ जोरवाल एवं एसपी स्वर्ण प्रभात की मौजूदगी में जेल के सभी वार्डों में सर्च अभियान चला। इस सर्च अभियान से जेल प्रशासन और जेल में बंद बंदियों के बीच हड़कंप रहा। हालांकि इस सर्च अभियान में किसी तरह के आपत्तिजनक सामान बरामद होने की सूचना नहीं है।

वहीं दूसरी ओर जिला व पुलिस प्रशासन के इस सर्च अभियान को बिहार में “सम्राट युग” की शुरुआत के साथ जोड़ कर देखा जा रहा है। जिससे प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। अपराध और अपराधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से मोतिहारी के सेंट्रल जेल में शुक्रवार की अहले सुबह से सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान जेल के सभी वार्डों की गहन तलाशी ली गई, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या प्रतिबंधित सामान का पता लगाया जा सके। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सुबह से जारी इस अभियान में अब तक कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। हालांकि, बताया गया कि सुरक्षा के मद्देनजर तलाशी अभियान लगातार जारी रहेगी।












