-गायघाट चोरनिया कांड: न्याय की मांग को लेकर डीजीपी से मिले राजद नेता, कार्रवाई में देरी पर उठे सवाल
दीपक कुमार | मुजफ्फरपुर/गायघाट
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के चर्चित चोरनिया कांड ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। 17 मार्च 2026 की रात चोरनिया गांव निवासी जगतवीर राय की पुलिस छापेमारी के दौरान गोली लगने से हुई मौत के मामले में अब राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
इस मामले को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का एक प्रतिनिधिमंडल बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मिला। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, गायघाट के पूर्व विधायक निरंजन राय, जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।

नेताओं ने डीजीपी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि इस मामले में केस संख्या 71/26 दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। खास तौर पर तत्कालीन थानाध्यक्ष राजा सिंह पर लगे गंभीर आरोपों के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।
ज्ञापन में पूछा गया है कि हत्या जैसे गंभीर मामले में आरोपी पुलिस पदाधिकारी पर कार्रवाई में आखिर देरी क्यों हो रही है और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलेगा। राजद नेताओं ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
नेताओं ने यह भी बताया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव स्वयं पीड़ित परिवार से मिल चुके हैं और मामले की जानकारी ले चुके हैं, इसके बावजूद प्रशासन की सुस्ती चिंता का विषय है।
प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो राजद इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।












