Advertisement

भलुई कॉलेज में 15 दिवसीय योग शिविर शुरू, युवाओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण

-भलुई कॉलेज में 15 दिवसीय योग शिविर शुरू, युवाओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण

राजापाकर/संवाददाता (संजय श्रीवास्तव)। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के भलुई कॉलेज परिसर में प्रखंड स्तरीय 15 दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पंडित दीनदयाल उपाध्याय योग संस्थान, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है, जिसमें स्थानीय युवक-युवतियों एवं छात्र-छात्राओं को योग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सिंगर की विशेष पहल पर किया गया है। शिविर में सैकड़ों प्रशिक्षणार्थी भाग लेकर योग के विभिन्न आयामों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक पंडित दिनेश कुमार दुबे ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति रोगमुक्त जीवन जी सकता है। उन्होंने कहा कि योग आत्मा और परमात्मा के मिलन का माध्यम है तथा यह प्राचीन भारतीय विद्या शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने की कला सिखाती है। योग केवल आसन तक सीमित नहीं है, बल्कि यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि जैसे अष्टांग मार्गों का समावेश है, जो मानसिक शांति, तनाव मुक्ति और शारीरिक स्वास्थ्य प्रदान करता है।


योग प्रशिक्षक दुर्गेश गोस्वामी और महिला प्रशिक्षक तनु पुंडीर ने प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कराया और उनके लाभ बताए।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के निदेशक पंडित दिनेश कुमार दुबे ने चार छात्रों को योग में पीजी डिप्लोमा करने हेतु प्रति छात्र 13,500 रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
इस मौके पर जिला समन्वयक अंकेश पांडे, प्रशिक्षक दुर्गेश गोस्वामी, लेडी ट्रेनर तनु पुंडीर, विकास मित्र संजीत कुमार सहित कई प्रशिक्षणार्थी जैसे रणधीर कुमार, विपिन कुमार, अविनाश कुमार, धर्मवीर कुमार, छोटू कुमार, सुनील कुमार, रंजन कुमार, पंकज कुमार, मोनी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, फरजाना खातून, रिया कुमारी और सुष्मिता कुमारी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।