-वैशाली में मां-बेटी संग फरारी का सनसनीखेज मामला, प्रेम प्रसंग में घर से नगदी-जेवर लेकर लापता
वैशाली। जिले के जंदाहा क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां एक ही परिवार की मां और बेटी अपने-अपने कथित प्रेमियों के साथ घर से फरार हो गईं। इतना ही नहीं, परिजनों का आरोप है कि दोनों घर से जेवरात और 20 हजार रुपये नकद भी लेकर चली गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, जंदाहा नगर पंचायत क्षेत्र में दिनेश चौधरी का परिवार कोल्ड ड्रिंक और बिस्किट की दुकान चलाता है। इस दुकान पर परिवार की बहू और पोती भी नियमित रूप से काम करती थीं। इसी दौरान परिवार के लोगों को दोनों के मोबाइल फोन के जरिए अलग-अलग युवकों से बातचीत करने की जानकारी मिली।
परिजनों के मुताबिक, जब इस बात को लेकर बहू और पोती को समझाने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने विरोध जताया। इसके बाद 31 मार्च की सुबह, जब परिवार के सदस्य दुकान पर नाश्ता लेने गए हुए थे, उसी दौरान मां-बेटी घर से गायब हो गई।

इस मामले में दिनेश चौधरी के पुत्र मुकेश चौधरी तथा महनार थाना क्षेत्र के जावज निवासी शिवकुमार चौधरी के पुत्र भोला चौधरी का नाम सामने आया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि दोनों युवक मां-बेटी को अपने साथ ले गए हैं। साथ ही यह भी चिंता व्यक्त की गई है कि यदि मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा है और इसमें किसी तरह का विवाद हुआ, तो हिंसक स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
ससुर द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि बहू और पोती के नाम पर मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया गया था, जिसके जरिए दोनों कथित तौर पर युवकों के संपर्क में थीं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों युवकों को संदिग्ध मानते हुए पूरे मामले की तहकीकात की जा रही है। फिलहाल पुलिस मां-बेटी की तलाश में जुटी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद जंदाहा समेत पूरे वैशाली जिले में चर्चा का माहौल है। परिवार जहां सदमे में है, वहीं पुलिस इस रहस्यमयी फरारी की गुत्थी सुलझाने में लगी हुई है।












