-चैरिटी शो की राशि साहित्यकार अशोक दत्त को सौंपी गई, कलाकारों ने बढ़ाया मदद का हाथ
जनकपुरधाम।मधुकर।
साहित्यकार एवं पत्रकार अशोक दत्त, जो पिछले दो वर्षों से मुख कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, उन्हें आर्थिक सहयोग के लिए आयोजित चैरिटी शो की राशि मंगलवार को उनके आवास पर सुपुर्द की गई।
मैथिली विकास कोष के अध्यक्ष जीवनाथ चौधरी की पहल पर इस चैरिटी शो का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मिनाप, रंग दर्पण, कलकत्तिया बाली सहित कई सांस्कृतिक टीमों ने भाग लिया। वहीं मैथिली की चर्चित गायिका पूनम मिश्र ने भी अपनी मधुर प्रस्तुति से कार्यक्रम में समां बांध दिया। खास बात यह रही कि सभी कलाकारों ने भी सहयोग के रूप में एंट्री टिकट खरीदे।

चैरिटी शो के माध्यम से कुल 5 लाख 47 हजार 100 रुपये की राशि एकत्रित की गई, जिसे मैथिली विकास कोष के अध्यक्ष जीवनाथ चौधरी, मिनाप के अध्यक्ष सुनील मल्लिक, रामानंद युवा क्लब के पूर्व अध्यक्ष नवीन मिश्र, रंग दर्पण के अध्यक्ष रितेश पाटली एवं रोशन मिश्र द्वारा अशोक दत्त को सौंपा गया।
गौरतलब है कि अशोक दत्त का इलाज काठमांडू में चल रहा है और बीमारी के कारण उनकी पारिवारिक स्थिति काफी दयनीय हो गई है। इसके बावजूद वे हिम्मत नहीं हारे हैं और लगातार कविता लेखन के साथ-साथ सामाजिक एवं साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय बने हुए हैं।
यह पहल न केवल मानवीय संवेदना का उदाहरण है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणादायक भी है।












