Advertisement

मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने ली युवक की जान, चालक फरार

-मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने ली युवक की जान, चालक फरार

मुजफ्फरपुर। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-722 रेवा रोड स्थित पोखरैरा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतक की पहचान सरैया थाना क्षेत्र के बासुदेवा गांव निवासी आशीष कुमार उर्फ सन्नी (24) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह पोखरैरा चौक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सरैया की ओर से आ रही तेज रफ्तार बालू लदी अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
जैतपुर थाना प्रभारी रजनीकांत पटेल ने बताया कि मामले में आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मृतक दो भाइयों में छोटा था, जबकि उसका बड़ा भाई सीआरपीएफ में कार्यरत है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।