-गोरौल में महिला शक्ति की मिसाल: हरशेर गांव में अष्टयाम यज्ञ शुरू, भक्ति में डूबा माहौल
वैशाली (गोरौल)।सुधांशु। प्रखंड के कटरमाला पंचायत अंतर्गत हरशेर गांव स्थित जगदम्बा स्थान पर “गौरी शंकर सीताराम, काली दुर्गे राधे श्याम” की मधुर धुन के साथ अष्टयाम यज्ञ का शुभारंभ हो गया। यज्ञ के आयोजन से पूर्व गांव में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस अष्टयाम यज्ञ की सबसे खास बात यह है कि इसका आयोजन पूरी तरह महिला मंडली द्वारा किया जा रहा है। 24 घंटे चलने वाले इस यज्ञ में महिलाओं ने न केवल संकल्प लिया, बल्कि ढोलक, झाल, करताल सहित अन्य वाद्य यंत्र भी स्वयं बजा रही हैं। महिलाओं की भक्ति और समर्पण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया है।

महिला मंडली द्वारा किए जा रहे कीर्तन को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। मंडली में मीरा देवी, रिंकू देवी, ममता देवी, सुनैना देवी, इंदु देवी, मालती देवी, शकुंतला देवी सहित अन्य महिलाएं सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं।
वहीं, यज्ञ में आचार्य अशोक पांडेय और संजीव मिश्रा के मार्गदर्शन में पूजा-अर्चना की जा रही है। आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी डॉ. मंतोष कुमार, उमाकांत पांडेय, कंत लाल महतो, मिथलेश पांडेय, दशरथ पांडेय, ओम प्रकाश पांडेय, सुधीर पांडेय, सुबोध पांडेय सहित अन्य लोग सहयोग कर रहे हैं।
अष्टयाम यज्ञ के इस आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और महिला सशक्तिकरण की एक नई मिसाल पेश की है।








