-राम धुन और भक्ति गीतों से गुंजायमान हुआ सुग्गा मंदिर, धूमधाम से मनाया गया श्रीराम जन्मोत्सव
मुजफ्फरपुर। शहर के कठही पुल स्थित नया टोला में श्री राम जानकी सुग्गा मंदिर न्यास समिति द्वारा रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य राम धुन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
कार्यक्रम में महिला मंडली द्वारा श्रीराम जन्मोत्सव से जुड़े पारंपरिक और भक्तिमय गीतों का सुमधुर प्रस्तुतीकरण किया गया। मीना ठाकुर ने “दशरथ के चार ललनवा, खेलले अंगनवा” गीत गाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं श्रीमती कृष्णा शाही ने “जन्म लिए रघुराईया, अवध में बाजे बधईरया” गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिरस से भर दिया।

इसी क्रम में श्रीमती उषा सिंहा ने “चार-चार प्रगटे ललनवा, भवनवा में बाजे बजनवा” और श्रीमती नेहा सिंह ने “ठुमक ठुमक चलत रामचंद्र, बाजत पैजनिया” जैसे लोकप्रिय भजन प्रस्तुत कर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्रीराम जन्मोत्सव से संबंधित मनमोहक झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस अवसर पर न्यास समिति की सदस्य श्रीमती रंजना सिंह (अधिवक्ता), श्रीमती कृष्णा शाही, श्रीमती उषा सिंह, श्रीमती मीना ठाकुर, श्रीमती पुष्पा श्रीवास्तव, श्रीमती नेहा सिंह ठाकुर, श्रीमती अर्चना झा, श्रीमती प्रतिमा देवी, श्रीमती रेखा सिंह, श्रीमती नूतन देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही श्रीमद् मंगल ठाकुर, बालेश्वर नारायण सिंह, चितरंजन सिंह, राजू शाही, विजय दास (पुजारी), शशि भूषण मिश्रा और राकेश मंडल समेत अन्य श्रद्धालुओं की भी सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी रमेश प्रसाद श्रीवास्तव द्वारा दी गई।











