Advertisement

नूनफारा में चैत्र नवरात्रि एवं भव्य रामनवमी मेला, श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़

-नूनफारा में चैत्र नवरात्रि एवं भव्य रामनवमी मेला, श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़

मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक/मयंक: चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर बंदरा प्रखंड के नूनफारा स्थित बाबा लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रांगण में भव्य नवमी पूजन एवं रामनवमी मेले का आयोजन किया गया। नवमी तिथि के मौके पर माता दुर्गा के पूजा पंडाल में विधि-विधान के साथ नवमी पूजन संपन्न हुआ, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
सुबह से ही मंदिर परिसर में माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। विशेष रूप से महिलाओं की भीड़ ‘मां की खोइंछ भरने’ के लिए उमड़ती रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से पूजा करने वाले भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण होती है, जिसके चलते दूर-दराज से भी लोग पहुंचे।


इस अवसर पर कई श्रद्धालुओं ने अपने मांगलिक कार्य जैसे मुंडन संस्कार और सत्यनारायण भगवान की पूजा भी कराई। मेले में बच्चों के लिए झूले, मीना बाजार और खान-पान की दुकानों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे मेले की रौनक और बढ़ गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पियर थाना की पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। स्थानीय निवासी राकेश कुमार ने बताया कि हर वर्ष ग्रामीणों के सहयोग से यहां भव्य चैत्र नवरात्रि और रामनवमी मेले का आयोजन किया जाता है।
इस मौके पर आचार्य अवधेश झा, मनोज ठाकुर, विक्की झा, अमरनाथ ठाकुर, ऋषिकेश ठाकुर, सुबोध ठाकुर, कमलेश कुमार, ठाकुर योगेश, आशीष, अविनाश, आयुष, राकेश कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।