-समृद्धि यात्रा के मंच से Nitin Nabin ने Nitish Kumar की सराहना की, बोले— बिहार विकास के उत्सव में आगे बढ़ रहा है
पटना, 26 मार्च:दीपक कुमार तिवारी।
पटना के बापू सभागार में आयोजित समृद्धि यात्रा के जन संवाद कार्यक्रम में बिहार की सियासत का अहम संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Nabin शामिल हुए और मुख्यमंत्री Nitish Kumar के साथ मंच साझा करते हुए उनके नेतृत्व की जमकर प्रशंसा की।
अपने संबोधन में Nitin Nabin ने कहा कि समृद्धि यात्रा ने बिहार में एक उत्सव जैसा माहौल तैयार किया है और राज्य अब इसी सकारात्मक वातावरण में विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने निराशा के दौर से बिहार को निकालकर विकास और विश्वास के साथ जोड़ा है, जिससे हर बिहारी आज गर्व महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद Nitish Kumar ने प्रदेश में काम करने वाली नई प्रशासनिक संस्कृति स्थापित की। पहले जहां सरकारी तंत्र जनता के प्रति जवाबदेह नहीं था, वहीं आज हर घर तक बिजली और बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि “लालटेन के दौर” से निकलकर अब हर घर तक एलईडी की रोशनी पहुंच चुकी है।

सड़कों और आधारभूत संरचना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले बिहार की सड़कों की हालत पर सवाल उठते थे, लेकिन अब वही सड़कें विकास की कहानी बयां कर रही हैं। पुल-पुलियों और ग्रामीण सड़कों के निर्माण ने राज्य की तस्वीर बदल दी है, जिसे अन्य राज्य भी अपना रहे हैं।
केंद्र और राज्य के तालमेल की चर्चा करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi का आभार जताया और कहा कि “डबल इंजन” सरकार के कारण बिहार को अभूतपूर्व समर्थन मिला है। गंगा नदी पर कई नए पुलों का निर्माण और एक्सप्रेस-वे परियोजनाएं राज्य के विकास को नई गति दे रही हैं।
रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने लाखों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर यह साबित किया है कि संकल्प को सिद्धि में बदला जा सकता है। अब बिहार का युवा सिर्फ नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि देने वाला बन रहा है।
महिलाओं की भागीदारी को लेकर भी उन्होंने कहा कि आज राज्य में महिलाएं घर और बाहर दोनों जगह सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, जो बदलते बिहार की तस्वीर को दर्शाता है।
अपने संबोधन के अंत में Nitin Nabin ने कहा कि समृद्धि यात्रा भले समाप्त हो रही हो, लेकिन विकास का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और वर्ष 2030 तक विकसित बिहार का सपना साकार किया जाएगा। उन्होंने कामना की कि बिहार की समृद्धि की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहे।












