–बेमौसम आंधी-बारिश व ओलावृष्टि से बंदरा में फसलें तबाह, किसानों ने बैठक कर सरकार से मांगी मदद
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक तिवारी।
मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में बेमौसम आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। गेहूं, मक्का समेत लगभग सभी प्रकार की फसलें व्यापक रूप से प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों की मेहनत, उम्मीद और आर्थिक स्थिति पर गहरा आघात पहुंचा है।
इस प्राकृतिक आपदा के बाद किसान पूरी तरह से परेशान और असमंजस की स्थिति में हैं। हालात ऐसे हैं कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या करें। इसी को लेकर रविवार को प्रखंड के सखौरा स्थित उर्वरक गोदाम परिसर में प्रखंड स्तरीय किसानों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सरकार से सहायता की मांग करने और अपनी समस्याओं को जिला से लेकर राज्य स्तर तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए खुदरा उर्वरक विक्रेता संघ के जिला अध्यक्ष सह विधान पार्षद प्रतिनिधि संजीत कुमार पांडेय ने कहा कि एक किसान होने के नाते यह पीड़ा हर घर की है। उन्होंने बताया कि अधिकांश किसानों की खड़ी फसल प्राकृतिक आपदा में बर्बाद हो गई है, जिससे वे आर्थिक तंगी के शिकार हो गए हैं। कई किसान मानसिक रूप से भी विचलित नजर आ रहे हैं और हालात बेहद चिंताजनक हैं।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस आपदा से उत्पन्न स्थिति को लेकर स्थानीय विधायक, एमएलसी, सांसद, मंत्री तथा जिले के वरीय अधिकारियों के साथ-साथ कृषि विभाग और राज्य सरकार के समक्ष मांग पत्र सौंपा जाएगा, ताकि किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा मिल सके।
इस बैठक में हत्था, मुन्नी बैंगरी, पटसारा, तेपरी, बंदरा, मतलुपुर, रतवारा, रामपुरदयाल, पीरापुर, सिमरा, बड़गांव, नुनफारा सहित प्रखंड के विभिन्न गांवों के किसानों ने भाग लिया। सभी किसानों ने अपने-अपने क्षेत्रों में हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए सरकार से शीघ्र राहत और मुआवजा देने की मांग की।
बैठक में ललित कुमार द्विवेदी, पूर्व मुखिया लाल नारायण ठाकुर, श्याम कुमार मिश्रा, संजय कुमार ठाकुर, बेचन राय, गोपाल कुमार द्विवेदी, ललित राय, विमलेश कुमार, शंभू राय,शत्रुघ्न राय, रंजय सहनी, बिरजू कुमार, गणेश कुमार सहनी, श्री चरण सहनी, राम किशोर सहनी, सुधा देवी, मोहन राम, अवधेश राम,जितेंद्र ठाकुर, प्रफुल्ल कुमार यादव, बृजनंदन कुमार, चंद्रदेव द्विवेदी, गुलाब राय, राजेश कुमार ठाकुर, गोपाल शर्मा, अमरेश कुमार सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।











