Advertisement

धनबाद के रेलवे ग्राउंड में अकीदत के साथ अदा हुई ईद की नमाज, अमन-चैन का दिया संदेश

–धनबाद के रेलवे ग्राउंड में अकीदत के साथ अदा हुई ईद की नमाज, अमन-चैन का दिया संदेश

धनबाद। सत्येन्द्र सिंह। कोयलांचल की हृदयस्थली धनबाद में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उत्साह और अकीदत के साथ मनाया गया। शहर के ऐतिहासिक रेलवे ग्राउंड में आयोजित मुख्य नमाज में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए।
सुबह से ही नमाजियों का कारवां रेलवे ग्राउंड की ओर बढ़ने लगा था। सफेद लिबास और इत्र की खुशबू से महकते माहौल में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर चेहरे पर ईद की खुशी साफ झलक रही थी। निर्धारित समय पर नमाज शुरू होते ही हजारों सिर एक साथ सजदे में झुक गए, जिसने अनुशासन, एकता और आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया।


सामूहिक इबादत के दौरान देश की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआएं मांगी गईं। नमाज के बाद उपस्थित गणमान्य लोगों और समाजसेवियों ने आपसी भाईचारे, शांति और इंसानियत का संदेश दिया। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी और खुशियां साझा कीं।
नमाजियों ने कहा कि रमजान का पाक महीना सब्र, त्याग और सेवा की सीख देता है, जबकि ईद उसी साधना का रूहानी इनाम है, जो प्रेम और भाईचारे के साथ जीने की प्रेरणा देता है। प्रबुद्ध जनों ने भारत की गंगा-जमुनी तहजीब का जिक्र करते हुए कहा कि देश विविधताओं में एकता का प्रतीक है, जहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर समाज को मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने अपील की कि समाज में नफरत के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए और सभी को मिलकर देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना चाहिए।