-बिहार में मौसम का बदला मिजाज, 15 से 20 मार्च तक आंधी-बारिश के आसार
पटना। बिहार के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और बढ़ते तापमान से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
रविवार से दिन में तेज धूप कम रहेगी और आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सोमवार को इस बदलाव का असर और स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 15 मार्च से 20 मार्च के बीच बिहार के अधिकांश जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। 15 मार्च को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, खगड़िया, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा और बेगूसराय सहित कई जिलों में तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

वहीं 16 मार्च को लगभग पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना अधिक है।
हालांकि 17 मार्च को मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। पश्चिमी बिहार के जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, जबकि उत्तर और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवा जारी रह सकती है। पटना समेत कई शहरों में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है।
18 से 20 मार्च के बीच उत्तर-पूर्वी बिहार में एक बार फिर मौसम बिगड़ने की आशंका है। दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, सहरसा और मधेपुरा समेत कई जिलों में तेज हवा, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। तेज धूप से राहत मिलने की संभावना है, लेकिन आंधी-बारिश और बिजली गिरने को लेकर सावधानी बरतना जरूरी बताया गया है।











