Advertisement

स्प्लेंडर बाइक से 210 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

–स्प्लेंडर बाइक से 210 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

राजापाकर (राजापाकर) – संजय श्रीवास्तव।
अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे छापेमारी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 210 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी तस्कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार राजापाकर थाना में पदस्थापित एसआई रूपक कुमार रविवार की रात वाहन गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि शराब कारोबारी रामानंद सिंह, पिता रीतिरमन सिंह, ग्राम राजापाकर दक्षिणी वार्ड नंबर 9, हीरो स्प्लेंडर बाइक पर देसी चुलाई शराब लादकर बीदुपुर की ओर से राजापाकर होते हुए महुआ की तरफ जा रहा है।


सूचना के आधार पर पुलिस टीम शनिचर हाट चौक पहुंची, जहां एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर तीन जूट के बोरे लदे दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखते ही बाइक सवार तेजी से भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से बाइक और तीनों बोरे जब्त कर तलाशी ली, जिसमें कुल 210 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई। बरामद शराब और बाइक को थाना लाकर जब्त कर लिया गया।
इस मामले में आरोपी रामानंद सिंह के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के तहत मध्य निषेध अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही बाइक मालिक के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।