–4th इंटर डिपार्टमेंटल/मुख्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26 का रोमांचक फाइनल संपन्न
हाजीपुर।संवाददाता।
पूर्व मध्य रेलवे क्रीड़ा संघ, हाजीपुर के तत्वावधान में आयोजित 4th Inter Departmental/HQ Cricket Tournament 2025–26 का फाइनल मुकाबला आज दिनांक 12.02.2026 को रेलवे स्टेडियम, सोनपुर में उत्साह, ऊर्जा एवं खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
फाइनल मैच वाणिज्य विभाग, हाजीपुर मुख्यालय एवं कार्मिक विभाग, मुख्यालय के बीच खेला गया। टॉस हारकर कार्मिक विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में सशक्त प्रदर्शन करते हुए 165 रनों का प्रतिस्पर्धी लक्ष्य निर्धारित किया। टीम के बल्लेबाजों ने संयम एवं आक्रामकता का संतुलित प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए वाणिज्य विभाग की टीम ने भी शानदार संघर्ष किया और 148 रन बनाए, किंतु अंततः 17 रनों से मुकाबला कार्मिक विभाग के पक्ष में रहा। मैच में जन्मजय कुमार ने 127 रनों की उत्कृष्ट पारी खेलते हुए मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
बेस्ट बॉलर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार वाणिज्य विभाग के पीयूष कुमार को प्रदान किया गया, जबकि मैन ऑफ द सीरीज का सम्मान अजीत कुमार, Dy. CPO/IR को उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया।

मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम वर्क और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। दर्शकों की उत्साहवर्धक उपस्थिति ने मैच के रोमांच को और बढ़ा दिया। मैच के दौरान ओबीसी एवं एससी/एसटी यूनियन के सदस्यगण भी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह के द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया ।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान विभिन्न विभागों की टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर आपसी समन्वय, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं संगठनात्मक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। यह टूर्नामेंट कर्मचारियों के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ आपसी सहयोग, सामंजस्य एवं सकारात्मक कार्य वातावरण को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पूर्व मध्य रेलवे क्रीड़ा संघ द्वारा सफल आयोजन हेतु सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं आयोजन समिति को हार्दिक बधाई दी गई। टूर्नामेंट ने “Unite in Sport, Compete with Heart” की भावना को साकार करते हुए संगठनात्मक एकता एवं खेल उत्कृष्टता का संदेश दिया।












