-राजापाकर में वैशाली जिला का 53वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, प्रभात फेरी से लेकर योजनाओं का लाभ वितरण तक आयोजित हुए कार्यक्रम
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव।
कला संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में वैशाली जिला का 53वां स्थापना दिवस समारोह राजकीय कृत उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय, राजापाकर परिसर में प्रखंड प्रशासन द्वारा भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीओ सूरज प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ शिक्षक मोहम्मद इफ्तिखार खान ने किया।
समारोह में स्थानीय विधायक महेंद्र राम मुख्य अतिथि एवं पीजीआरओ दिवाकर कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार ने सभी अतिथियों का बुके एवं शॉल देकर गर्मजोशी से स्वागत किया। संगीत शिक्षक भोलाराम तूफानी के निर्देशन में छात्र-छात्राओं प्रियांशु, सिमरन, प्रिया और अंशु ने स्वागत गान प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रखंड मुख्यालय के विभिन्न चौक-चौराहों पर प्रभात फेरी निकालकर लोगों को जागरूक किया। अपने संबोधन में विधायक महेंद्र राम ने कहा कि वैशाली का इतिहास गौरवशाली रहा है। यह लोकतंत्र की जन्मभूमि है। वर्ष 1972 में मुजफ्फरपुर से अलग होकर वैशाली जिला बना। उन्होंने महात्मा बुद्ध और महावीर जैन से जुड़े ऐतिहासिक महत्व का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जीविका दीदियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए स्वरोजगार के अनुभव साझा किए।
इस दौरान प्रखंड प्रशासन द्वारा रूबी देवी, पिंकी देवी और किरण देवी को मनरेगा जॉब कार्ड वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने 10 लोगों को आयुष्मान कार्ड, 11 महिला-पुरुषों को निःशुल्क चश्मा तथा चार दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल प्रदान की। वहीं पूनम देवी एवं महेंद्र राम को बसकीत पर्चा भी सौंपा गया।
कार्यक्रम में सीईओ गौरव कुमार, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार, कुमार सौरभ, शिवनाथ सिंह, अवधेश राय, मंजय कुशवाहा, सुबोध सिंह, मुकेश पटेल, दरोगा पासवान, आलोक कुमार, केशव नारायण राय, सुरेश शाह, संजय कुमार, पंकज कुमार शाह, अमर वर्मा, प्रवीण कुमार, उपेंद्र राय समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
समारोह ने क्षेत्र में उत्साह और विकास योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।










