-कांटी कोठियां में फ्लाई ऐश लोडिंग बंद, श्रमिकों में आक्रोश; एसडीएम-एसडीपीओ ने पहुंचकर सुनी समस्या
मुजफ्फरपुर।दीपक।
कांटी थर्मल प्लांट से सटे कांटी कोठियां गांव में फ्लाई ऐश लोडिंग कार्य बंद होने से स्थानीय श्रमिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। वर्षों से इसी कार्य के जरिए अपना और परिवार का भरण-पोषण करने वाले मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को एसडीएम पश्चिम आकांक्षा आनंद, एसडीपीओ वन सुचित्रा कुमारी एवं कांटी बीडीओ आनंद कुमार विभूति ने कांटी थर्मल आईबी में एनटीपीसी अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद अधिकारियों की टीम कोठियां गांव पहुंची, जहां श्रमिकों और स्थानीय लोगों से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

श्रमिकों ने अधिकारियों को बताया कि फ्लाई ऐश लोडिंग ही उनके जीवनयापन का मुख्य साधन रहा है। अचानक काम बंद होने से उनके परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने जल्द से जल्द काम शुरू कराने की मांग की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एनटीपीसी की गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जाएगा। साथ ही कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।










