Advertisement

मुजफ्फरपुर नगर थाना प्रभारी लाइन हाजिर

-मुजफ्फरपुर नगर थाना प्रभारी लाइन हाजिर

-कार्य में लापरवाही पर कांटी के दरोगा को किया निलंबित

संवाददाता। दीपक कुमार

जिले की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने और पुलिसिंग में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने कर्तव्य के प्रति लापरवाही और कानूनी जटिलताओं के मद्देनजर एक थाना प्रभारी सहित दो पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
एसएसपी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करते हुए लाइन हाजिर (लाइन क्लोज) कर दिया गया है।

गौरतलब है कि अनिल कुमार को महज एक सप्ताह पहले ही नगर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, कुछ कानूनी मामलों और तकनीकी कारणों से उनकी कार्यशैली पर सवाल उठे, जिसके बाद एसएसपी ने त्वरित निर्णय लेते हुए उन्हें थाने से हटाकर पुलिस लाइन वापस भेज दिया है।
इसी क्रम में एसएसपी ने कांटी थाने में पदस्थापित एक दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया है। कार्य में घोर लापरवाही बरतने और विभागीय निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप में उक्त दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी की इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि जिले में तैनात किसी भी रैंक के पुलिस अधिकारी द्वारा अनुशासनहीनता या शिथिलता को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।