Advertisement

भारतीय बाणिज्य महादूतावास ने मनाया विश्व हिंदी दिवस

-भारतीय बाणिज्य महादूतावास ने मनाया विश्व हिंदी दिवस

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।

भारतीय बाणिज्य महादूतावास, बीरगंज द्वारा 11 जनवरी 2026 को विश्व हिंदी दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि कार्यक्रम के तहत विभिन्न विद्यालयों के छात्रों के बीच भाषण एवं कविता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं शारदा कला केंद्र, रक्सौल के छात्रों ने मनमोहक एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय बाणिज्य महादूत देवी सहाय मीणा ने कहा कि भारत सरकार हर वर्ष 11 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाकर वैश्विक स्तर पर हिंदी भाषा एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने हिंदी भाषा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने, इसके विस्तार को बढ़ावा देने तथा भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।


इस अवसर पर महादूत मीणा ने विश्व हिंदी दिवस के शुभ अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश भी पढ़कर सुनाया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के उन छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने भारत-नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित विषयों पर भाषण और कविता पाठ प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में हिंदी भाषा अभियानी रमन पांडेय, अनेक साहित्यकार, कवि, भारतीय बाणिज्य महादूतावास के पदाधिकारी व कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।